हेगेल की द्वंद्वात्मक पद्धति पश्चिमी राजनीतिक दर्शन की सबसे क्रांतिकारी अवधारणाओं में से एक है। यह पद्धति न केवल दर्शन, बल्कि इतिहास, राज्य, समाज और स्वतंत्रता की व्याख्या का एक ऐसा उपकरण है जिसने मार्क्सवाद, अस्तित्ववाद और आधुनिक राजनीतिक विचार को गहरे स्तर पर प्रभावित किया।
हेगेल का परिचय एवं ऐतिहासिक संदर्भ
Georg Wilhelm Friedrich Hegel का जन्म 27 अगस्त 1770 को Stuttgart, जर्मनी में हुआ था। उनकी मृत्यु 14 नवंबर 1831 को हुई। वे जर्मन भाववादी (Idealist) दर्शन के सर्वोच्च प्रतिनिधि माने जाते हैं।
प्रमुख रचनाएँ:
- Phenomenology of Spirit (आत्मा की परिघटना) — 1807 — चेतना का द्वंद्वात्मक विकास
- Science of Logic (तर्क का विज्ञान) — 1812-16 — द्वंद्वात्मक तर्क की आधारशिला
- Philosophy of Right (अधिकार का दर्शन) — 1820 — राज्य, समाज, स्वतंत्रता की व्याख्या
- Philosophy of History (इतिहास का दर्शन) — मरणोपरांत — इतिहास में Geist का विकास
- Encyclopedia of Philosophical Sciences — 1817 — संपूर्ण दर्शन का सारांश
हेगेल ने Kant के द्वैतवाद (Dualism) को अस्वीकार करते हुए एक ऐसी पद्धति विकसित की जो विरोधाभासों के माध्यम से ही यथार्थ को समझती है। उनकी मूलभूत स्थापना थी — “जो कुछ भी वास्तविक है, वह तर्कसंगत है और जो कुछ तर्कसंगत है, वह वास्तविक है।” (What is real is rational; what is rational is real.)
द्वंद्वात्मक पद्धति का मूल स्वरूप
‘द्वंद्व’ शब्द की उत्पत्ति ग्रीक शब्द ‘dialektike’ से हुई है जिसका अर्थ है — संवाद, तर्क-वितर्क। परंतु हेगेल के लिए द्वंद्ववाद केवल तर्क-शास्त्र की पद्धति नहीं, बल्कि यथार्थ के विकास का वास्तविक नियम है।
हेगेल की मूलभूत स्थापना: विरोधाभास (Contradiction) ही समस्त विकास का चालक बल है। प्रत्येक विचार, अवधारणा और ऐतिहासिक अवस्था अपने भीतर ही अपने निषेध को उत्पन्न करती है और इस द्वंद्व के माध्यम से एक उच्चतर स्तर पर पहुँचती है।
हेगेल के अनुसार वास्तविकता स्थिर नहीं, निरंतर गतिशील है। यह गति विरोधों के टकराव से उत्पन्न होती है।
द्वंद्व के तीन क्षण (Three Moments of Dialectic)
क्षण 1: वाद / Abstract / Understanding (बोध का क्षण)
प्रारंभिक अवधारणा या स्थिति जो अपने आप में पूर्ण और स्थिर प्रतीत होती है। यह ‘बोध का क्षण’ है। परंतु यह एकांगी (one-sided) है और अपने भीतर ही अपने विरोध का बीज रखती है।
क्षण 2: प्रतिवाद / Dialectical / Negation (निषेध का क्षण)
पहली अवधारणा की सीमाओं और एकांगीपन के कारण उसका विरोध स्वतः उत्पन्न होता है। वाद अपने विरोध को बाहर से नहीं पाता, बल्कि स्वयं उत्पन्न करता है — यही हेगेल की सबसे मौलिक अंतर्दृष्टि है।
क्षण 3: संवाद / Speculative / Aufhebung (समाहार का क्षण)
वाद और प्रतिवाद दोनों का उच्चतर स्तर पर समाहार (Aufhebung/Sublation)। न तो वाद की पूर्ण अस्वीकृति, न प्रतिवाद की स्वीकृति — बल्कि दोनों के सत्यांश को संरक्षित करते हुए एक नई उच्चतर संरचना का निर्माण।
वाद-प्रतिवाद-संवाद (Thesis – Antithesis – Synthesis)
महत्त्वपूर्ण तथ्य: Thesis, Antithesis, Synthesis — ये शब्द स्वयं हेगेल ने नहीं, बल्कि Johann Fichte ने प्रयोग किए थे। हेगेल ने इन्हें Concrete-Abstract-Absolute के रूप में समझाया। परवर्ती विद्वान Heinrich Moritz Chalybaeus ने इस त्रिक को हेगेलीय द्वंद्ववाद की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति के रूप में प्रचलित किया।
संवाद (Synthesis) अंतिम बिंदु नहीं है। यह स्वयं एक नए वाद (नई Thesis) का रूप ले लेता है और द्वंद्वात्मक प्रक्रिया अनंत रूप से जारी रहती है — जब तक कि परम सत्य (Absolute Idea/Geist) की पूर्ण अभिव्यक्ति न हो जाए।
उदाहरण 1 — तार्किक स्तर पर (Logic of Being):
- वाद → Being (सत्ता) — शुद्ध सत्ता की कल्पना परंतु यह विचार ही शून्य जैसा है
- प्रतिवाद → Nothing (शून्यता) — शुद्ध शून्यता, सत्ता से भिन्न नहीं
- संवाद → Becoming (उत्पत्ति/होना) — सत्ता से शून्यता और शून्यता से सत्ता की गति ही ‘Becoming’ है
उदाहरण 2 — ऐतिहासिक स्तर पर:
दासप्रथा (Slavery) एक सामाजिक संस्था के रूप में अपने भीतर ही दासों के विद्रोह का बीज रखती है → दासों का विद्रोह (प्रतिवाद) → स्वतंत्रता की नई उच्चतर अवधारणा (संवाद)।
आउफ़हेबुंग (Aufhebung / Sublation):समाहार की अवधारणा
Aufhebung जर्मन भाषा का बहुअर्थी शब्द है जो हेगेल की पद्धति का केंद्रक है। इसके तीन समानांतर अर्थ एक साथ हैं:
- निरस्त करना (To Cancel/Negate):पूर्व अवस्था का निषेध होता है
- संरक्षित करना (To Preserve): पूर्व अवस्था के सत्यांश को बचाए रखा जाता है।
- उच्चतर स्तर पर उठाना (To Lift/Elevate): एक नई और उच्चतर संरचना में समाहित किया जाता है।
Aufhebung वह प्रक्रिया है जिसमें एक अवस्था न तो पूरी तरह नष्ट होती है और न ही पूरी तरह बनी रहती है, बल्कि वह रूपांतरित होकर एक उच्चतर संरचना का हिस्सा बन जाती है। यही कारण है कि हेगेलीय द्वंद्ववाद प्रगतिशील और विकासमान है।
परम भाववाद (Absolute Idealism) और Geist
हेगेल का द्वंद्ववाद उनके परम भाववाद से अभिन्न रूप से जुड़ा है:
- यथार्थ (Reality) मूलतः मानसिक या आध्यात्मिक है ,भौतिक नहीं।इस यथार्थ का मूल स्वरूप है Geist (आत्मा / चेतना / Spirit)
- Geist स्वयं को इतिहास, समाज, राज्य और संस्कृति के माध्यम से व्यक्त करता है
- इतिहास का उद्देश्य है ,Geist का आत्म-साक्षात्कार (Self-Realization)
- Phenomenology of Spirit में Geist का विकास इस क्रम में होता है : चेतना → आत्मचेतना → कारण → आत्मा → धर्म → परम ज्ञान (Absolute Knowledge)
द्वंद्वात्मक इतिहास-दर्शन
हेगेल के अनुसार इतिहास यादृच्छिक घटनाओं का संग्रह नहीं है — यह Geist की तर्कसंगत प्रगति है। प्रत्येक ऐतिहासिक युग एक विशेष Volksgeist (जनात्मा) की अभिव्यक्ति है।
इतिहास के तीन चरण:
- प्राच्य जगत (Oriental World): एक व्यक्ति की स्वतंत्रता
- ग्रीको-रोमन जगत: कुछ व्यक्तियों की स्वतंत्रता
- जर्मनिक जगत: सभी की स्वतंत्रता — Geist की परिपूर्णता
हेगेल ने नेपोलियन को ‘अश्वारूढ़ Geist’ (World Spirit on horseback) कहा था।
राज्य, नागरिक समाज और स्वतंत्रता
नैतिक जीवन के तीन स्तर:Philosophy of Right में हेगेल ने बताया:
- परिवार (वाद) :प्रेम पर आधारित। व्यक्ति परिवार में ‘हम’ के रूप में सोचता है। यह एकता का तात्कालिक रूप है।
- नागरिक समाज (प्रतिवाद) :व्यक्तिगत हितों का टकराव। आर्थिक संबंध, कानून, निगम। व्यक्ति स्वार्थ से प्रेरित होता है।यह विघटन का चरण है।
- राज्य (संवाद) :व्यक्तिगत और सामूहिक हित का समाहार। यह नैतिक जीवन की परिपूर्णता है। Geist का धरातल पर अवतरण। हेगेल का प्रसिद्ध कथन — “The State is the March of God through the World.”
स्वतंत्रता की अवधारणा
हेगेल के लिए स्वतंत्रता का अर्थ मनमानी (Arbitrary Freedom) नहीं, बल्कि ‘तर्कसंगत इच्छाशक्ति’ (Rational Will) की अभिव्यक्ति है:
- नकारात्मक स्वतंत्रता (Negative Liberty) — बाह्य बंधनों से मुक्ति ;अपर्याप्त है
- सकारात्मक स्वतंत्रता (Positive Liberty) — राज्य के माध्यम से तर्कसंगत जीवन ;यही वास्तविक स्वतंत्रता है
- राज्य में भागीदारी ही वास्तविक स्वतंत्रता है ;व्यक्ति राज्य के बाहर स्वतंत्र नहीं हो सकता
दास-स्वामी द्वंद्व (Master-Slave Dialectic)
Phenomenology of Spirit का यह प्रसंग आत्मचेतना (Self-Consciousness) के विकास की व्याख्या करता है:
दो आत्मचेतनाएँ एक-दूसरे को मान्यता (Recognition) देने के लिए संघर्ष करती हैं: एक जीवन को जोखिम में डालती है और स्वामी बनती है, दूसरी डरकर समर्पण कर देती है और दास बनती है
- स्वामी दास के श्रम पर निर्भर हो जाता है ( इस प्रकार स्वामी स्वयं परतंत्र हो जाता है)
- दास श्रम के माध्यम से प्रकृति को रूपांतरित करता है (उसमें आत्म-चेतना विकसित होती है)
- अंततः दास ही स्वतंत्रता की वास्तविक चेतना प्राप्त करता है — यही द्वंद्व का उत्कर्ष है
प्रभाव: Karl Marx का वर्ग-संघर्ष, Simone de Beauvoir का नारीवाद, Frantz Fanon का उपनिवेशवाद-विरोध — सभी इस द्वंद्व से प्रभावित हैं।

आलोचनाएँ
- Karl Popper (Open Society and Its Enemies): हेगेल को ‘Historicism का पिता’ और अधिनायकवाद का वैचारिक आधार बताया
- Bertrand Russell: हेगेल की प्रणाली को ‘अस्पष्ट और भ्रामक’ कहा
- Schopenhauer: हेगेल को ‘बौद्धिक बाजीगर’ (Intellectual Juggler) कहा
- उदारवादी आलोचना: राज्य की इतनी महत्ता व्यक्तिगत स्वतंत्रता को दबाती है
- नारीवादी आलोचना: परिवार को ‘प्राकृतिक’ बताकर महिलाओं की अधीनता को जायज़ ठहराया
- तार्किक आलोचना: द्वंद्व का सूत्र अत्यंत यांत्रिक है — हर चीज़ पर लागू नहीं होता
समकालीन प्रासंगिकता
- मार्क्सवाद, अस्तित्ववाद, फ्रैंकफर्ट स्कूल (Critical Theory) सभी हेगेल से प्रेरित हैं
- Francis Fukuyama का ‘End of History’ (1992) हेगेलीय इतिहास-दर्शन पर आधारित है
- पहचान की राजनीति (Identity Politics) में Recognition की अवधारणा केंद्रीय है
- Charles Taylor, Robert Pippin जैसे समकालीन विद्वान हेगेल की पुनर्व्याख्या कर रहे हैं
UGC NET PYQ
1- हेगेल की अवधारणा में मन की सर्वोच्च उपलब्धि सामाजिक जीवन में किसमें अभिव्यक्त हुई?
(A) समकालीन प्रशियाई राज्य (Contemporary Prussian State)
(B) रोम (Rome)
(C) एथेंस (Athens)
(D) समकालीन ग्रेट ब्रिटेन (Contemporary Great Britain)
उत्तर: (A)
2- हेगेल की द्वंद्वात्मक पद्धति में ‘Aufhebung’ का क्या अर्थ है?
(A) केवल निरस्त करना
(B) केवल संरक्षित करना
(C) निरस्त करना, संरक्षित करना और उच्चतर स्तर पर उठाना — तीनों एक साथ
(D) नवीन विरोध उत्पन्न करना
उत्तर: (C)
3- मार्क्स ने हेगेल की द्वंद्वात्मक पद्धति को किस प्रकार रूपांतरित किया?
(A) उसे पूर्णतः अस्वीकार किया
(B) उसे भाववादी से भौतिकवादी बनाया (Inverted Dialectic)
(C) उसे धर्म पर लागू किया
(D) उसे व्यक्तिवाद से जोड़ा
उत्तर: (B)
4.हीगेल की द्वन्द्वात्मक विधि थी :
(A) राजनीति के विज्ञान का निर्माण करना
(B) ज्ञान की दार्शनिक विधि को स्वीकार करना
(C) इस बात पर बल देना कि प्राकृतिक विज्ञान की विधियां तथा सामाजिक विज्ञान की विधियां एक समान हैं।
(D) प्रतिवाद की समस्या सुलझाना
उत्तर (B)
Discover more from Politics by RK: Ultimate Polity Guide for UPSC and Civil Services
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


